कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 24 मार्च 2014

वीर जवानों को नमन

कपकपाती ठण्ड में
जो कभी ठहरा नहीं
चिलचिलाती धूप में
जो कभी थमा नहीं

गोलियों की बौछार में
जो कभी डरा नहीं
बारूदी धमाकों से
जो कभी दहला नहीं

अनगिनत लाशों में
जो कभी सहमा नहीं
फर्ज के सामने
जो कभी डिगा नहीं

आंसुओं के सैलाब से
जो कभी पिघला नहीं
देश के आन ,मान ,शान में
मिटने से जो कभी पीछे हटा नहीं

ऐसे वीर जवानों को
शत -शत नमन ।।

शनिवार, 6 अगस्त 2011

भारत की चेतावनी.....

सुन ले ध्यान लगाकर पाक 
खुली रख हमेशा कान और आँख 
नहीं तो हम जलाकर कर देंगे तुझको ख़ाक 
भूल कर भी यहाँ पर कदम मत रखना 
देखा है तुमने पहले भी भारत का करिश्मा 
कश्मीर हड़पने का सपना तू छोड़ 
हम हैं, सब मिलकर पुरे सौ करोड़ 
भूलकर भी समझना मत कितनी अच्छी है कहानी 
भारत की हर जवानों की यह है जुबानी 
हमने तो समझा था पड़ोसी है पाकिस्तान 
गलती की सज़ा में हम बनायेंगे उसे कब्रिस्तान 
हमारे यहाँ पे है हमेशा शराफत का सम्मान 
इसलिए, पाक सुन भारत की चेतावनी 
समय से पहले समझ वरना आयेगा तेरे आँखों में पानी !!!

नीलकमल वैष्णव"अनिश"

सोमवार, 23 मई 2011

जिद ही जिद में


 वो खुद ना आए
ख़त के जरिए
हाल-ऐ दिल सुनाते रहे
हम उनके ना आने से
खफा हो गए
हमने भी जिद में
उन्हें जवाब ना दिया
वो ख़त भेजते रहे
हम निरंतर जिद में
खामोश बैठे रहे
ख़त आने बंद हो गए 
हमने सोचा वो भी
जिद पे आ गए
फिर  पता चला
वो किसी और के
 हो गए
हम सर पकड़ कर
बैठ गए
जिद ही जिद में
उनसे हाथ धो गए 
23-05-2011
914-221-05-11

शनिवार, 21 मई 2011

फिर चोट ना खाएँगे


चाहता  नहीं  वो 
लौट कर आएँ फिर से
आएँ भी तो मिले ना
हमसे
अब तन्हाई से
दोस्ती कर ली हमने
बहुत मुश्किल से
दिल को सम्हाला हमने
निरंतर बेवफाई देखी
 हमने
ज़ख्मों को हरा ना
होने देंगे
अकेले में रो लेंगे
फिर चोट ना खाएँगे
बिना अपनों के
जी लेंगे
21-05-2011
906-113-05-11

शनिवार, 30 अप्रैल 2011

जीवन का मर्म

लोगों को आते देखा
लोगों को जाते देखा
मौत का अहसास ना था
कल तक सबके साथ  था
आज सबसे दूर है
खुद मौत के आगोश में है
कल तक वो  बोलता 
सब  सुनते
विचारों से उद्वेलित
करता
हर तर्क जवाब देता
हंसता, हंसाता
आज सब बोल रहे
कुछ रो रहे
कुछ दिखावा कर रहे
मन ही मन खुश हो रहे
वो निरंतर सुन रहा
चुपचाप बेबस लेटा
चुपचाप सब देख रहा
ना हंस सकता
ना रो सकता
कुछ कहना चाहता
कह ना पाता
खामोशी से शरीर के
हर नामोनिशान  को
मिटते देख रहा
जीवन का मर्म
समझ रहा
30-04-2011
790-210-04-11

हकीकत....


http://atulshrivastavaa.blogspot.com

सेकंड,
मिनट,
घंटा,
दिन,
महीना,
और साल.....।
न जाने
कितने कैलेंडर
बदल गए
पर मेरे आंगन का
बरगद का पेड
वैसा ही खडा है
अपनी शाखाओं
और टहनियों के साथ
इस बीच
वक्‍त बदला
इंसान बदले
इंसानों की फितरत बदली
लेकिन
नहीं बदला  तो
वह बरगद का पेड....।
आज भी
लोगों को 
दे रहा है
ठंडी छांव
सुकून भरी हवाएं.....
कभी कभी
मैं सोचता हूं
काश इंसान भी न बदलते
लेकिन
फिर अचानक
हवा का एक  झोंका आता है
कल्‍पना से परे
हकीकत से सामना होता है
और आईने में
खुद के अक्‍श को देखकर
मैं शर्मिंदा हो जाता हूं

शनिवार, 23 अप्रैल 2011

बदलनी है तो मेरी फितरत बदल

इल्तजा
खुदा से करता
मुझे ना बदलना
बदलनी है तो
मेरी फितरत बदल
नफरत को प्यार में
बदल
अन्दर पल रही
निराशा को बदल
मेरे ख्यालों को बदल
उन्हें
उम्मीदों से भर
मेरे चेहरे का नक्शा
बदल
उसे हंसी और
मुस्कराहट से भर
निरंतर सब को खुश
रख सकूं
जहन को
ऐसे जज्बे से भर
23-04-2011
740-162-04-11

रविवार, 17 अप्रैल 2011

खुदा


लोग मंदिर,
मस्जिद में मुझे ढूंढते
धर्म के ठेकेदारों से
पता मेरा पूंछते
निरंतर नए तरीकों से
मुझे खोजते
फिर भी मुझे पाते नहीं
मैं इंसान के दिल में रहता
ईमान और इंसानियत में
बसता
लालच से नफरत मुझे
सूरज बन
उजाला दिन में करता
रात को
चाँद बन कर निकलता
जो दिल से ढूंढता,
सिर्फ उसे मिलता
17-04-2011
696-120-04-11

मंगलवार, 29 मार्च 2011

मेरा भारत महान

मेरा भारत महान

मेरे देश का हर नेता चाहता है,
कि तुम भगत और आजाद बनो.
ताकि जवानी में ही तुम्हें
गोलियों से भून दिया जाऐ .
या
देश द्रोह के आरोप में
फाँसी पर लटका दिया जाऐ.
और
यह नेता नामक जीव
आराम से अपनी जेबें भरे
टेक्स का भार
निरीह जनता के माथे पर धरे.
इसीलिऐ
मेरे दोस्त ,
इन तथाकथित नेताओं की
मत सुनो
इनके लिऐ फाँसी के फन्दे को
मत चुनों.
अब कुछ ऐसा करो
जो इनके चेहरे से नकाब हट जाऐ
और फिर से
मेरा भारत महान कहलाऐ .


सोमवार, 28 मार्च 2011

क्या सच में तुम हो??



देखता लोगों को
करते हुए अर्पित
फूल और माला
दूध और मेवा
और न जाने क्या-क्या
हाँ तब जगती है एक उम्मीद
कि
शायद तुम हो
पर जैसे ही लांघता हूँ चौखट तुम्हारा
तार-तार हो जाता है विश्वास मेरा
टूट जाता है समर्पण तुम्हारे प्रति
जब देखता हूँ कंकाल सी काया वाली
उस औरत को
जिसके स्तनों को मुँह लगाये
उसका बच्चा कर रहा था नाकाम कोशिश
अपनी क्षुधा मिटाने को
हाँ उसी चौखट के बाहर
लंबी कतारे भूखे और नंगो की
अंधे और लगड़ों की.....
वह जो अजन्मी
खोलती आंखे कि इससे पहले
दूर कहीं सूनसान में
दफना दिया जाता है उसे
फिर भी खामोश हो तुम.....
एक अबोध जो थी अंजान
इस दुनिया दारी से
उसे कुछ वहशी दरिंदे
रौंद देते है
कर देते हैं टुकड़े- टुकड़े
अपने वासना के तले
करते हैं हनन मानवता
और तुम्हारे विश्वास का........
तब अनवरत उठती वह चीत्कार
खून क़ी वे निर्दोष छींटे
करुणा से भरी वह ममता
जानना चाहती है
क्या सच में तुम हो ????????

रविवार, 27 मार्च 2011

हे !चित्रकार-धिक्कार है


हे !चित्रकार
तुम्हे लज्जा नहीं आयी ?
जब तुमने एक स्त्री का
निर्वस्त्र चित्र बनाया ?

क्या उस समय
तुम्हें यह भी स्मरण
नहीं रहा कि
''तुम ''एक ''स्त्री ''
के गर्भ से उत्पन्न हुए हो ?

तुम्हरी तूलिका भी
तो स्त्रीलिंग है !
उसी से पूछ लेते
और कला को कलंकित
करने वाले
जरा इस पर भी
तो ध्यान देते
''कला की देवी भी
स्त्री है ''

धिक्कार है पुरुष की
इस सोच पर जो
स्त्री को निर्वस्त्र कर
अपना लक्ष्य साधता है
बस इसी तरह पुरुष
स्त्री के लिए बनाई गयी
हर सीमा को लांघता है ,

एक बात सुनो
तुमने विचारों को
लक्ष्य कर कोई कृति
क्यों नहीं बनाई,
तुम स्त्री देह में
ही उलझकर क्यों रह गए ?
तुम तो पुरुष हो न !
तुम्हारे पास तो मेधा
है ,स्त्री की तरह
तुम्हारी  अक्ल भी
घुटनों में चली गयी
थी क्या ?

तुमने वैसे कोई
नया काम तो नहीं
कर दिया जो तुमने
अपनी रचना को
प्रदर्शनी में
रख दिया ,
तुमने तो दुशासन
का ही अनुसरण किया है ,
'अरुंधती' को 'द्रौपदी '
की भांति जनता
की सभा में निर्वस्त्र
करने का प्रयास ,

फिर कहती हूँ
धिक्कार है तुम पर ,
तुम्हारी पुरुष सोच पर ;
तुम्हरी कला पर ;
तुमने ये दुष्कर्म किया
तुम्हरी माता ने
नौ माह तुम्हे
गर्भ में रखकर
व्यर्थ ही जन्म दिया !

वीर शहीदों को नमन

 मैं आंसू आंसू रोया हूँ
कुछ रातों से ना सोया हूँ,
जो सीमाओं पर बिछुड़ गए
उनकी यादों में खोया हूँ
जो सुहागरात पर नयी नवेली दुल्हन को छोड़ कर चले गए
जो इकलौते होकर भी सीमा पर लड़ने चले गए
जो रण में शोलों के आगे लाश बिछाने चले गए
जो हँसते हँसते प्राणों की बलि चढ़ने चले गए
उन वीर शहीदों की कहानी,मैं लिखते लिखते रोया हूँ
जो सीमाओं पर बिछुड़ गए उनकी यादों में खोया हूँ
एक माँ अपने बेटे को लहू का टीका करती है
तुम्हारी हो दीर्घायु,  ये दुआ हमेशा करती है
बेटे के इंतज़ार में निगाहें टक टक करती है
पर एक बिना सर की लाश आँगन में उतरती है
क्या बीती होगी माँ के दिल पर, ये सोच-सोच मैं रोया हूँ
जो सीमाओं पर बिछुड़ गए उनकी यादों में खोया हूँ
आज भी रक्षाबंधन पर बहन का हृदय जब रोता है
क्या कहती होगी माँ, जब बेटा पापा पापा कहकर रोता है
चुपके चुपके रोती होंगी आँखें, जब-जब करवा चौथ होता है
लग जाती होगी आग मन में,  जब-जब सावन होता है
इस सावन की बारिशों में, मैं हरदम हरपल रोया हूँ
जो सीमाओं पर बिछुड़ गए उनकी यादों में खोया हूँ
जो सीमाओ पर लड़ते रहे, केवल तिरंगे के लिए
ख़ून की नदियाँ बहाते रहे, केवल तिरंगे के लिए
जिनके प्राणों की आहुति भारत माँ पर बलिहारी है
उनके शौर्य के तेज से सूरज की किरणें भी हारी हैं
उन बेटों का बलिदान हर भारतवासी पर क़र्ज़ होगा
उन वीरों का नाम तो स्वर्ण अक्षर में दर्ज होगा
आज शहीदों की आत्माएँ पुकार रही है हिन्दुस्तान को
नौजवान तैयार हो जाये देश पर बलिदान को
उन शहीदों की चिताओं को मैं कन्धा देते देते रोया हूँ
जो सीमाओं पर बिछुड़ गए उनकी यादों में खोया हूँ.
                               
                                   - विभोर गुप्ता 
                                                    vibhor14jul@gmail.com

शुक्रवार, 25 मार्च 2011

ना मारो खुद को पल पल,हर पल जिया करो




कौन है जिसने
ख्वाब नहीं देखे
कुछ पूरे हुए,
कुछ अधूरे रहे
फिर क्यों इंसान
निरंतर रोता रहता
जो बीत गया
उसमें खोता रहता
भविष्य की
चिंता में घुलता रहता
वर्तमान में दुखी रहता
जो मिला
अब तक जानो उसे
धन्यवाद इश्वर को दो
बेहतर की उम्मीद करो
बोझ ना
उसका मन में रखो
मिले ना मिले,
मर्जी खुदा की समझो 
ना मारो खुद को पल पल
हर पल जिया करो
सन्देश दुनिया को
भी दिया करो
25-03-03
504—174-03-11

ख्वाब...






जितनी दूरी उतने ख्वाब
फिर भी ना जाने क्यों दिल उदास !
खोने की कोशिश में पाने का अहसास
दिन और रात के संग्राम में
भोर के तारे की आवाज !
फिर भी ना जाने क्यों
म्रत्यु में जीवन का आभास !
डूबती उतरती सांसों में
कहीं एक करुणा भरा आर्तनाद !
फिर भी ना जाने क्यों
गुमनाम अँधेरे में भी रास्तों की तलाश !
जितनी दूरी उतने ख्वाब
फिर भी ना जाने क्यों दिल उदास ......!!



प्रियंका राठौर

Add to Google Reader or Homepage

 
Design by Free WordPress Themes | Bloggerized by Lasantha - Premium Blogger Themes | cna certification