गुरुवार, 31 मार्च 2011

प्रेम काव्य-महाकाव्य --तृतीय सुमनान्जलि--प्रेम-भाव ---डा श्याम गुप्त ......


  प्रेम काव्य-महाकाव्य--गीति विधा  --     रचयिता---डा श्याम गुप्त  

  -- प्रेम के विभिन्न  भाव होते हैं , प्रेम को किसी एक तुला द्वारा नहीं  तौला जा सकता , किसी एक नियम द्वारा नियमित नहीं किया जासकता ; वह एक विहंगम भाव है | प्रस्तुत  सुमनांजलि- प्रेम भाव को ९ रचनाओं द्वारा वर्णित किया गया है जो-प्यार, मैं शाश्वत हूँ, प्रेम समर्पण, चुपके चुपके आये, मधुमास रहे, चंचल मन, मैं पंछी आजाद गगन का, प्रेम-अगीत व प्रेम-गली शीर्षक से  हैं |---प्रस्तुत है प्रथम रचना.... प्यार ....


          १- प्यार .....
          (गीत )
उपनिषद् की ज्ञान धारा !,
मूँद लेना नयन अपने  ||

सर्जनाएं,   वर्जनाएं,
नीति की सब व्यंजनायें |
मंद करलो निज स्वरों को,
प्रीति-स्वर जब गुनगुनाएं |
संहिताओ ! प्रेम स्वर में-
गुनागुनालो छंद अपने |
मूँद लेना नयन अपने ||

धर्म दर्शन मान्यताओ !
योग3 पथ की भावनाओ!
सांख्य और मीमांसाओ !५ 
रोक लेना तर्क अपने |
नैयायिको! भूल जाना,
सब प्रमेय-प्रमाण अपने |

मूँद लेना नयन अपने ||

शांत ठहरी झील-तल से,
प्यार की लहरें उठी हैं |
ज्ञान की अज्ञानता के,
अहं से टकरा उठी हैं |
झील की उत्ताल लहरो !
रोक लेना भंवर अपने |

मूँद लेना नयन अपने ||

आज मन के तोड़ बंधन,
रीति के सब ज्ञान मंथन |
प्रेम जीवन गीत गाने,
चल पड़े  दो मीत उन्मन |
पंथ के हे कंटको ! तुम-
रोक लो संधान अपने |

मूँद लेना नयन अपने ||

प्यार की उमड़ी घटाएं ,
धुंध के पथ खोलती हैं |
शाम-सिंदूरी, हवाओं -
में महावर घोलतीं हैं |
प्यार लेकर आगया है,
थाल भर रंगीन सपने |

मूँद लेना नयन अपने ||

वेद की पावन ऋचाओ,
प्रेम का संगीत गाओ |
उपनिषद् की ज्ञान धारा ,
प्रीति के स्वर गुनगुनाओ |
प्यार लेकर आगया है,
सौख्य के उपहार कितने |

मूँद लेना नयन अपने || -----क्रमश: प्रेम भाव -द्वितीय  रचना - मैं शाश्वत हूँ ...

{कुंजिका ---  १=भारतीय  अध्यात्म-ज्ञान के उच्चतम श्रोत ....वेदों के आध्यात्मिक -पक्ष का वर्णन करने वाले शास्त्र , उपनिषद् अर्थात व्यवधान रहित सम्पूर्ण,सर्वांग ज्ञान....सामीप्येन नितरां प्राप्नुवन्त परंब्रह्म ...जिस विद्या से परब्रह्म का सामीप्य पाया जाता है | परमेश्वर, परमात्मा-ब्रह्म और आत्मा के स्वभाव और सम्बन्ध का  दार्शनिक और ज्ञानपूर्वक वर्णन...२ =वेदों का मूल मन्त्र वाला खण्ड , ये वैदिक वांग्मय का पहला हिस्सा है जिसमें काव्य रूप में देवताओं की यज्ञ के लिये स्तुति की गयी है । इनकी भाषा वैदिक संस्कृत है। चार वेद होने की वजह से चार संहिताएँ हैं,ऋग्वेद संहिता दुनिया का  सर्वप्रथम ग्रन्थ है|....३ से ६ तक = भारतीय षड-दर्शन के अंग ....७= वेदों के मन्त्र ...


Add to Google Reader or Homepage

 
Design by Free WordPress Themes | Bloggerized by Lasantha - Premium Blogger Themes | cna certification