शनिवार, 26 मार्च 2011

प्रेम काव्य-महाकाव्य--प्रथम सुमनान्जलि...वन्दना..---डा श्याम गुप्त

    प्रेम काव्य-महाकाव्य--गीति विधा    
           रचयिता---डा श्याम गुप्त


भारतीय ब्लॉग लेखक मंच पर .... प्रेम महाभारत  के उपरान्त....प्रेम जैसे विशद विषय को आगे बढाते हुए व उसके विविध रंगों को विस्तार देते हुए ...आज से हम  महाकाव्य "प्रेम काव्य " को क्रमिक रूप में पोस्ट करेंगे । यह गीति विधा महाकाव्य में प्रेम के विभिन्न रूप-भावों -- व्यक्तिगत से लौकिक संसार ...अलौकिक ..दार्शनिक  जगत से होते हुए ...परमात्व-भाव एवं मोक्ष व अमृतत्व तक --का गीतिमय रूप में निरूपण  है | इसमें  विभिन्न प्रकार के शास्त्रीय छंदों, अन्य छंदों-तुकांत व अतुकांत  एवं विविधि प्रकार के गीतों का प्रयोग किया गया है |
          यह महाकाव्य, जिसकी अनुक्रमणिका को काव्य-सुमन वल्लरी का नाम दिया गया है -- वन्दना, सृष्टि, प्रेम-भाव, प्रकृति प्रेम, समष्टि प्रेम, रस श्रृंगार , वात्सल्य, सहोदर व सख्य-प्रेम, भक्ति श्रृंगार, अध्यात्म व अमृतत्व ...नामसे  एकादश सर्गों  , जिन्हें 'सुमनावालियाँ' कहा गया है , में निरूपित है |
      प्रथम सुमनांजलि -वन्दना..१० रचनायें--.   जिसमें प्रेम के सभी देवीय व वस्तु-भावों व गुणों की वन्दना की गयी  है .....आगे... .
७ - रति-अनंग वन्दना ......
जीत कर महादेव को ,जो-
 स्वयं को लय कर गया |
भस्म होकर काम, जग को-
कामना   से   भर  गया ||


हो अनंग,रस-रंग की जो-
मन  जगाये  कामना |
साथ में रति के जगत की,
बन गया रति-भावना  ||

प्रेम की हे युगल मूरत,
बार  बार   प्रणाम   है |
मिले आशिष काव्य मेरा,
प्रेम   के   ही    नाम है  || 

८-मानस वन्दना ....
प्रेम के आधार हे मन !
मन तुम्हारा करूँ वंदन |
प्रेम के आधार  हे मन !

प्रेम की आराधना के,
तुम हो साधन मेरे मन!
में तुम्हारी वन्दना  में,
कर रहा हूँ पुष्प अर्पण |

प्रेम के आधार हे मन !

जब किसी के प्रति,किसी के-
मन में आकर्षण समाये |
मन के मंदिर में कोई,
निज कल्पना का मीत पाए ||

तुम प्रथम मन-भावना के,
वहन-कर्ता, मीत उन्मन |
प्रेम के आधार हे मन !
वन्दना तेरी करूँ मन ||

प्रेम के आधार हे मन !

हो आत्मस्थ इन्द्रियों में,
ज्ञान बने सज जाते हो |
हो अन्तस्थ ह्रदय तल में,
बने स्वप्न इठलाते हो ||


विह्वल -भाव बसे उर में,
प्यार अमित बन जाते हो |
प्रेम के वाहक मेरे मन ,
प्रेम तुम हो, प्यार हो मन ||


प्रेम के आधार हे मन !
मन तुम्हारा करूँ वंदन ||   --क्रमश:  वंदना.....


3 टिप्पणियाँ:

हरीश सिंह ने कहा…

आपके पोस्ट पर कमेन्ट करने के लिए जानकर होना भी चाहिए. आपकी रचनाओ के लिए हमारे पास शब्द नहीं होते. स्वागत है आपका.

गंगाधर ने कहा…

स्वागत है आपका.

Anita ने कहा…

सुंदर रचना !

Add to Google Reader or Homepage

 
Design by Free WordPress Themes | Bloggerized by Lasantha - Premium Blogger Themes | cna certification